
अनुराग योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
दौसा। अनुराग सेवा संस्थान लालसोट एवं भारत स्काउट जिला मुख्यालय दौसा के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी गुप्तेश्वर रोड स्थित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में आयोजित 6 दिवसीय अनुराग योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। शिविर में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
योग शिक्षक नरेश शर्मा एवं दिनेश कुमार महावर ने बच्चों को योगाभ्यास करवाते हुए बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को अनुशासित बनाता है। नरेश शर्मा ने कहा कि योग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है, क्योंकि इससे बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
इस अवसर पर शिक्षक डॉ. संजीव रावत एवं सचिन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग बच्चों की स्मरण शक्ति, मानसिक क्षमता एवं पढ़ाई के प्रति रुचि को बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल और डिजिटल युग के बढ़ते प्रभाव के बीच योग बच्चों को मानसिक संतुलन एवं आत्मिक शांति प्रदान करता है। योग के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, धैर्य और संस्कारों का विकास होता है, जो उन्हें जीवन में सफलता की ओर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम में शिखा राजपूत, महेश बेरवा, दिलीप सांवरिया, शारदा खंडेलवाल, कमलकांत शर्मा, गरिमा शर्मा, विष्णु कुमार शर्मा, कैलाश स्वर्णकार सहित अन्य शिक्षक एवं अनुदेशक उपस्थित रहे। शिविर में बच्चों ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन जीने का संकल्प लिया।


