समर कैंप में बालिकाओं ने रैंप वॉक कर पेश की आत्मविश्वास की मिसाल, दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रवि शर्मा ने रैंप वॉक का अवलोकन कर दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र

लालसोट। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, लालसोट के तत्वावधान में बालिका विद्यालय में आयोजित समर कैंप का मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रवि शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व उप-प्रधानाचार्य गिर्राज गुप्ता ने अवलोकन किया।इस अवसर पर छात्राओं ने समर कैंप में स्वयं द्वारा सिले गए ब्लाउज, फ्रॉक, गाउन एवं सूट आदि का आकर्षक प्रदर्शन किया तथा अतिथियों के साथ संवाद भी किया। छात्राओं ने हाथों पर लाइव मेहंदी रचाकर अपनी मेहंदी फाइलों का प्रदर्शन किया, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की।कार्यक्रम के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

बच्चों के आकर्षक डांस स्टेप्स और उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित जनों का दिल जीत लिया। छात्रा प्रिया सैनी ने आइब्रो बनाने का लाइव डेमोंस्ट्रेशन देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।समर कैंप का विशेष आकर्षण बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक रही। छात्राओं ने डिजाइनर परिधानों में पारंपरिक एवं आधुनिक परिधानों का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। रैंप वॉक के दौरान बालिकाओं का आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रस्तुति सभी के लिए प्रेरणादायक रही तथा महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. रवि शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, लालसोट प्रारंभ से ही महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। उन्होंने भारत स्काउट एवं गाइड के “स्टॉप वायलेंस” अभियान का उल्लेख करते हुए संगठन के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की।

सियाराम शरण शर्मा एवं रतिराम मीणा ने समर कैंप की विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि गिर्राज गुप्ता ने विद्यार्थियों को नोटबुक एवं पेन वितरित किए।शिविर प्रभारी एवं व्याख्याता महेन्द्र डोब ने बताया कि इस वर्ष समर कैंप अनुराग सेवा संस्थान के सौजन्य से निशुल्क आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में दीपा साहू ने सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सिलाई प्रशिक्षक सुनीता कुमारी, निर्मला पारीक, पायल सैनी, सोनाली साहू, राधा खांडल एवं उमेश पहाड़िया का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!