परिश्रम और कौशल जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे मजबूत आधार – नीता शर्मा

कौशल विकास शिविर में बालिकाओं को स्वावलंबन और परिश्रम का संदेश।

दौसा।राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय एवं अनुराग सेवा संस्थान लालसोट के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल विकास अभिरुचि शिविर का अवलोकन मंडल जयपुर की सहायक राज्य संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती नीता शर्मा ने किया। उन्होंने शिविर में सिलाई, मेहंदी, नृत्य, कला एवं पेंटिंग सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं एवं महिलाओं से संवाद कर प्रशिक्षण की जानकारी ली तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर श्रीमती नीता शर्मा ने कहा कि परिश्रम और कौशल जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका और महिला को आत्मनिर्भर बनने के लिए किसी न किसी कौशल में दक्ष होना आवश्यक है। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने हुनर को रोजगार एवं समाज सेवा से जोड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने निशुल्क प्रशिक्षण हेतु सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अनुराग सेवा संस्थान लालसोट का आभार व्यक्त किया।

सीओ गाइड निरमा मीणा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर केवल कला सीखने का माध्यम नहीं बल्कि जीवन में कार्य करने की सही पद्धति और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, समय की पाबंदी और लगन के साथ किया गया कार्य व्यक्ति को स्वावलंबी बनाता है। उन्होंने बालिकाओं को हर कार्य को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा दी।

सीओ स्काउट प्रदीप सिंह ने कहा कि आज के समय में कौशल और परिश्रम ही युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मेहनत से कार्य करना सीख लेता है, वह हर परिस्थिति में आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विधाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा अपने कार्य को सम्मान और ईमानदारी के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी 27 जून तक संचालित होगा।

शिविर संयोजक डॉ. संजीव कुमार रावत ने बताया कि सहायक राज्य संगठन आयुक्त द्वारा बालिकाओं एवं बच्चों द्वारा किए गए कार्यों का अवलोकन करने के बाद उनकी भरपूर सराहना की गई तथा बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वावलंबन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य जटाशंकर शर्मा, कमलकांत शर्मा, दिनेश चंद्र महावर, नरेश कुमार शर्मा, विष्णु कुमार शर्मा, शिखा , गरिमा, सुरेश कुमार, विजय दिलीप सांवरिया, महेश बेरवा, निशा शर्मा, शारदा खंडेलवाल, सचिन शर्मा, बृजमोहन कानपुरा, श्याम प्रकाश उपाध्याय, कैलाश स्वर्णकार सहित अन्य अनुदेशक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।:::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!