—इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना का संचार मतदाता संविधान की आत्मा और लोकतंत्र की शक्ति

निर्वाचन आयोग राजस्थान के निर्देशानुसार एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दौसा के मार्गदर्शन में मंगलवार, 3 फरवरी 2025 को इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल का आयोजन प्रियदर्शनी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दौसा में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।विद्यालय के निदेशक विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद दौसा श्री राजेश कुमार मीणा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला स्वीप समन्वयक दौसा डॉ. रामवीर चौधरी एवं ब्लॉक दौसा स्वीप समन्वयक श्री कमलेश मीणा शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय निदेशक श्री विनोद कुमार शर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को गरिमामय बना दिया।इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई निर्वाचन जागरूकता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में पोस्टर, बैनर, फ्लेक्स, स्लोगन एवं संदेशात्मक सामग्री को अत्यंत रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से मतदान एवं लोकतंत्र का सशक्त संदेश दिया गया।कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी श्री रामकिशन बैरवा द्वारा कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से अतिथियों का माला व शाल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक ने मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर आयोजित चित्रकला, भाषण, रंगोली, पोस्टर, सुलेख, स्लोगन एवं कविता प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे उत्साह, उमंग और खुशी से खिल उठे।इस अवसर पर जिला स्वीप समन्वयक डॉ. रामवीर चौधरी ने उपस्थित विद्यार्थियों, स्टाफ एवं अभिभावकों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “मतदाता संविधान की आत्मा और लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है।” उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के निर्वाचन जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में प्रारंभ से ही लोकतांत्रिक मूल्यों का बीजारोपण होता है, जो भविष्य में जिम्मेदार और सजग मतदाता तैयार करने में सहायक सिद्ध होता है।

कार्यक्रम में स्वीप टीम के सदस्य श्री अशोक कुवाल, श्री कालूराम मीणा, श्री मोहनलाल बढ़ाया, श्री रामकिशन बैरवा, श्रीमती सपना शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!