
दौसा / श्रीनाथद्वारा।
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के तत्वावधान में आगामी 8 एवं 9 फरवरी 2026 को नाथद्वारा स्थित भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में दो दिवसीय पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में ब्रजभाषा, उपनिषद और भक्ति काव्य पर विद्वानों द्वारा वैचारिक मंथन के साथ-साथ साहित्य, पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 103 साहित्यकारों, पत्रकारों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्था के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा ने बताया कि समारोह के अंतर्गत आयोजित ब्रजभाषा उपनिषद के विभिन्न सत्रों में भक्त कवियों के काव्य में निहित दर्शन पर विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रथम सत्र में भक्त कवि कुंभनदास के काव्य पर वृंदावन के गोपालकृष्ण दुबे, सूरदास के काव्य पर ब्रजभूषण चतुर्वेदी ‘दीपक’, गोविंददास के काव्य पर भरतपुर के हरिओम ‘हरि’ तथा नंददास के काव्य पर राया-मथुरा की श्रीमती संतोष ‘ऋचा’ व्याख्यान देंगी।द्वितीय सत्र में भक्त कवि छीत स्वामी, परमानंददास, चतुर्भुजदास एवं श्रीकृष्णदास के काव्य में दर्शन पर क्रमशः सुरेश कुमार शर्मा, श्रीकृष्ण शरद, नरेन्द्र निर्मल एवं सत्येन्द्र यादव अपने विचार रखेंगे। साथ ही समस्यापूर्ति कार्यक्रम में कवित एवं सवैया पर चर्चा होगी।
समारोह में साहित्यिक उपलब्धियों के लिए अनेक मानद उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। राजेंद्र प्रसाद शान्तेय (झालावाड़), डॉ. गिरी गिरिवर (कोटा), अक्षयलता शर्मा (जयपुर) सहित कई साहित्यकारों को हिंदी साहित्य मनीषी अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं हरिओम हरि, नरेन्द्र निर्मल, सुरेन्द्र सार्थक और अंजीव रावत को बृज ग़ज़ल श्री की उपाधि प्रदान की जाएगी।इसके अतिरिक्त चेतन स्वामी (बीकानेर) एवं एम. श्रीधर (सेलम) को साहित्य मर्मज्ञ, भावना शुक्ला (दिल्ली) को हिंदी साहित्य शिरोमणि, तथा रमेश पंडित (आगरा) को ब्रज भाषा मनीषी की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में भगवती प्रसाद देवपुरा स्मृति सम्मान, समाज सेवा मर्मज्ञ, रक्तदान वीर, हिंदी काव्य मनीषी एवं समाज सेवा कला सेवा रत्न सहित विभिन्न अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नाथद्वारा, ककरोली एवं राजसमंद क्षेत्र के 38 पत्रकारों को पत्रकार श्री की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यार्थी रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा।साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा द्वारा बाहर से आने वाले सम्मानित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की निशुल्क व्यवस्था की गई है।
