कवि कृष्ण कुमार सैनी का “समाजसेवा कला सेवा रत्न” सम्मान हेतु चयन
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा में आयोजित होने वाले पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह के अंतर्गत दौसा के युवा कवि कृष्ण कुमार सैनी का चयन “समाजसेवा कलासेवा रत्न” सम्मान के लिए किया गया है। यह चयन उनके द्वारा निरंतर किए जा रहे समाजसेवा एवं सामाजिक कार्यों के फलस्वरूप किया गया है।
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा विगत चालीस वर्षों से निरंतर साहित्य, कला एवं संस्कृति के संवर्धन हेतु कार्य कर रहा है। यह आयोजन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना एवं ब्रजमंडल की वंदना का अनुपम संगम है, जहाँ प्रभु श्री श्रीनाथजी की कृपा से साहित्यिक चेतना का दिव्य प्रसाद श्रोताओं को प्राप्त होता है। मेवाड़ की पावन धरा पर ब्रज संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का यह आयोजन एक गरिमामयी अनुष्ठान माना जाता है।

साहित्य मंडल के प्रतिनिधि श्याम प्रकाश देवपुरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कवि कृष्ण कुमार सैनी समाजसेवा, साहित्य सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, इसी कारण उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।कवि कृष्ण कुमार सैनी के चयन पर विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयाँ दी हैं।
पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह के अंतर्गत अनेक साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ब्रजभाषा काव्य पाठ, उपनिषद चिंतन, समस्यापूर्ति कार्यक्रम, ब्रज एवं हिंदी के साहित्यकारों, संपादकों, पत्रकारों, सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों का अभिनंदन तथा नव प्रकाशित साहित्यिक कृतियों का लोकार्पण शामिल है।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अखिल भारतीय ब्रजभाषा कवि सम्मेलन रहेगा।–
