श्रद्धा और सम्मान के बीच आँखों से छलके देशभक्ति के आँसू


अनुराग शहीद वन्दना कार्यक्रम में भावुक हुए उपस्थितजन

दौसा।अनुराग सेवा संस्थान, लालसोट की स्थापना के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “अनुराग–31” कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर अनुराग शहीद वन्दना कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा उनके परिजनों—विशेषकर वीरांगनाओं—के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना रहा। जैसे ही शहीदों के नामों का स्मरण किया गया, पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा और उपस्थितजनों की आँखें श्रद्धा एवं सम्मान से नम हो उठीं।इस अवसर पर दौसा जिले के 31 शहीद परिवारों का अभिनन्दन किया गया। शहीदों की वीरांगनाओं एवं परिजनों को अभिनन्दन पत्र, शॉल, दुपट्टा एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों एवं शहीद परिजनों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मनमोहन मीणा ने कहा कि“वीरांगनाओं का साहस, धैर्य और आत्मबल पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। शहीद परिवारों का सम्मान मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति का जीवंत संदेश है। शहीदों के संस्कार और त्याग सदैव स्मरणीय रहेंगे। अनुराग–31 जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करते हैं।”

आईपीएस अधिकारी श्री हेमंत ने अपने संबोधन में कहा कि“शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके परिजनों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। अनुराग सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा यह आयोजन समाज में कृतज्ञता, संवेदना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है।”

कार्यक्रम में एसडीएम दौसा श्रीमती संजू मीणा, जिला रोजगार अधिकारी श्री श्याम सुंदर, लक्ष्मीकांत शर्मा (एटीओ), जिला उद्योग अधिकारी श्री मेघराज मीणा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष श्री विजेंद्र बासड़ा ने कहा कि“शहीद परिवारों के सम्मान से समाज में आत्मगौरव और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना उत्पन्न होती है। यह कार्यक्रम वास्तव में सैनिकों के बलिदान को नमन है।”उन्होंने शहीद परिवारों की विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उनके समाधान के लिए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपील भी की।

संस्थान के सचिव श्री श्याम सुंदर शर्मा ने अनुराग सेवा संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि“संस्थान सेवा, समर्पण और संस्कार के मूल्यों के साथ निरंतर समाजहित में कार्य करता आ रहा है और आगे भी करता रहेगा।”कार्यक्रम के समन्वयक श्री चिराग जोशी ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन श्री मदन पारिक द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। मोहिनी शर्मा एवं दिलीप शर्मा ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर संस्थान केसंस्थापक संयोजक श्री सियाराम शर्मा, सह-संयोजक श्री राजेन्द्र डोब, कोषाध्यक्ष श्री पप्पूलाल शर्मा, प्रेस सचिव श्री अनिल नीमला, साहित्यिक समन्वयक डॉ. संजीव रावत, पर्यावरण संरक्षण माह समन्वयक श्रीकांत शर्मा, अनुराग शिक्षा पूर्णता अभियान समन्वयक अनुराग तिवाड़ी, एम.पी. त्यागी, गिर्राज सेडूलाई, जयप्रकाश, रजनीश शर्मा, रवि गंगावत, रमाकांत शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत एवं सहयोग किया।कार्यक्रम में सुशील शर्मा, सुरेश (नायब तहसीलदार), अनन्या, ममता रावत, लोकेश शर्मा, मांगीलाल, उत्कर्ष रावत, राकेश शर्मा, शुभेन्द्र शर्मा, दीपक गहलोत, रोहित गर्ग सहित बड़ी संख्या में स्काउट एवं गाइड के बच्चे,नागरिक, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे।

इन शहीद परिवारों का हुआ सम्मान


शहीद घनश्याम गुर्जर (खवारावजी) शहीद रामबल गुर्जर ( निमाली), शहीद गुमान सिंह, (बैजूपाडा) शहीद राजेन्द्र प्रसाद मीना (दिलावरपुरा), शहीद अजित कुमार बैरवा (नारायणपुर की ढाणी) कोलाना, शहीद रामकेश मीणा (नामनेर), शहीद संजय सिंह गुर्जर (करणपुर) शहीद पपीता कुमार शर्मा (जलालपुर), शहीद धारासिंह गुर्जर (खावदा गाजीपुर), शहीद मोहन लाल गुर्जर (खेड़ला बुजुर्ग), शहीद भूप सिंह (खेडला बुजुर्ग), शहीद ओमप्रकाश गुर्जर (नाहिडा), शहीद भंवर सिंह (नाहिडा), शहीद गब्दू राम गुर्जर (नाहिडा), शहीद राम निवास मीना (गढ हिम्मत सिंह)’ शहीद आराम सिंह (पावटा), शहीद केला गुर्जर (पावटा) शहीद फतेहसिंह( पावटा) , शहीद राम सिंह (पावटा), शहीद रामखिलारी गुर्जर (पावटा), शहीद सरदार सिंह (नांगल सुमेर सिंह), शहीद श्री ज्ञान गुर्जर (पहाड़ी), शहीद रामस्वरूप (सलेमपुर), शहीद भगवान सिंह (सलेमपुर), शहीद पवन सिंह गुर्जर (कंचनपुरा), शहीद शिवराम सिंह गुर्जर (समसपुर), शहीद किशन सिंह (लांगरीपुरा), शहीद शोराम गुर्जर (अमरपुर), राजस्थान पुलिस के शहीद प्रहलाद सिंह (दौसा), शहीद चिरंजी लाल मीणा (दौसा) आदि की वीरांगनाओं सहित परिवारजनों का सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!