को नहीं जानत है जग में, कपि संकट मोचन नाम तिहारो” — भक्ति में डूबा राया, सुंदरकांड एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन

राया। “को नहीं जानत है जग में, कभी संकट मोचन नाम तिहारो” — इन पंक्तियों की भावधारा के साथ हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राया क्षेत्र पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। सादाबाद रोड स्थित श्रीजी कैटर्स परिसर में सामाजिक एवं धार्मिक संस्था “कोदंड प्रणाम सारंग सेना” द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की। पूरे वातावरण में राम नाम की गूंज सुनाई दी और उपस्थित जनसमूह भक्ति में लीन नजर आया।

भजन संध्या के दौरान प्रस्तुत भक्ति गीतों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों ने अपने सुरों के माध्यम से भगवान श्रीराम एवं संकट मोचन हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

इस अवसर पर सूबेदार ललित कुमार कर्मयोगी, कैप्टन भंवर पाल सिंह, फौजी प्रदीप शर्मा, साहित्यकार अंजीव अंजुम सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में धार्मिक चेतना, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

आयोजक फौजी प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और समरसता का भी संदेश देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!