लालसोट में सर्वधर्म प्रार्थना सभा में दिया अनेकता में एकता का संदेश

स्काउट के जनक के जन्मदिवस पर मनाया चिंतन दिवस

अनुराग सेवा संस्थान के 31 वर्ष पूर्ण होने पर लालसोट में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, एकता और सद्भाव का दिया संदेश

लालसोट। सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सतत सक्रिय अनुराग सेवा संस्थान ने अपनी स्थापना के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “अनुराग 31” श्रृंखला के अंतर्गत वर्षभर विभिन्न जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया है। इसी श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को अशोक शर्मा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, लालसोट में एक भव्य सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ के तत्वावधान में विश्व चिंतन दिवस के अवसर पर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत सत्कार के साथ हुई। प्रार्थना सभा के समन्वयक महेंद्र साहू ने सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय परिसर में सुसज्जित मंच और उपस्थित जनसमूह के बीच वातावरण पूर्णतः अनुशासित एवं आध्यात्मिक भावनाओं से परिपूर्ण दिखाई दिया।सभा में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएं एवं वंदनाएं प्रस्तुत की गईं। उमाशंकर शर्मा ने भावपूर्ण स्मरण गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आध्यात्मिक आरंभ किया। अभिनव त्रिपाठी ने सरस्वती वंदना के माध्यम से ज्ञान और विवेक की कामना की। पंडित श्याम सुंदर खेड़ला ने वैदिक मंत्रोच्चार कर शांति एवं मंगलकामना का संदेश दिया। अनु जैन ने जैन धर्म की प्रार्थना प्रस्तुत कर अहिंसा और करुणा के महत्व को रेखांकित किया। इस्लाम धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए मौलाना हमीद मोहम्मद ने पवित्र कुरान की आयतों का पाठ किया और मानवता, भाईचारे तथा शांति का संदेश दिया। विभिन्न धर्मों की वाणी से पूरा परिसर एकता और सद्भाव की भावना से ओतप्रोत हो उठा।

प्रभारी कमिश्नर सतनारायण मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अनेक धर्म, भाषाएं और संस्कृतियां होते हुए भी “एकता में अनेकता” की परंपरा जीवंत है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के प्रति सम्मान और आदर की भावना रखना भारतीय संस्कृति की मूल पहचान है। उन्होंने स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

पूर्व पार्षद सद्दाम हुसैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य मानवता को जोड़ना है, न कि बांटना। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता है। यदि हम मिलजुलकर प्रेम और भाईचारे के साथ रहें, तो समाज में किसी भी प्रकार की वैमनस्यता के लिए स्थान नहीं रहेगा।

संस्थापक संयोजक सियाराम शर्मा ने संस्थान की 31 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अनुराग सेवा संस्थान ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा युवा प्रेरणा जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि “अनुराग 31” के अंतर्गत वर्षभर समाजहित में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम का कुशल संचालन राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ के सचिव श्रीकांत शर्मा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष अंशुल सोनी, मदन पारीक, राजेंद्र डॉब ,मधुर सदन शर्मा, हरकेश मीणा, गिर्राज मीणा, दीपक सुनकर, मोहम्मद कैफ, सुनीता देवी, भारत लाल मीणा, वीरेंद्र जैन, अविनाश लीवाली, राम खिलाड़ी मीणा, राजेश कजोड़ मल गुर्जर, हर्ष शर्मा प्रजापत, शिवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, स्काउट-गाइड सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अंत में विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की कामना के साथ सर्वधर्म प्रार्थना सभा का समापन किया गया। यह आयोजन न केवल अनुराग सेवा संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि लालसोट क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और सामुदायिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

रिपोर्ट

उत्कर्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!